सातताल झील की टूटी पुल से पर्यटकों की बढ़ी चिंता, जल्द निर्माण की मांग

ख़बर शेयर करें

सातताल झील की टूटी पुल से पर्यटकों की बढ़ी चिंता, जल्द निर्माण की मांग
नैनीताल/सातताल। झीलों के शहर नैनीताल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सातताल में झील के ऊपर बनी पुल दैवीय आपदा के कारण टूटकर क्षतिग्रस्त हो गई है। पुल के टूटे होने से यहां आने वाले पर्यटकों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में सातताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पुल की खराब स्थिति के कारण लोगों को डर के साये में आवाजाही करनी पड़ रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और पूर्व सभासद प्रदीप कुमार ‘बबलू’ ने जिला प्रशासन से पर्यटन की दृष्टि से पुल का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन की अनदेखी के कारण पर्यटकों को आए दिन परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूरन बृजवासी ने बताया कि पूर्व में इस संबंध में सिंचाई विभाग से पुल की मरम्मत की मांग की गई थी। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने आपदा मद से बजट स्वीकृति के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजने की बात कही थी। बावजूद इसके अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है।
उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पर्यटन स्थल की महत्ता को देखते हुए पुल का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page