धारी मंडल में भाजपा ने तेज किया बूथ सशक्तीकरण अभियान
धारी। भाजपा के बूथ सशक्तीकरण अभियान के तहत मंगलवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र की अध्यक्षता में हुई। इसमें मंडल प्रभारी एवं पूर्व सैनिक कुंदन सिंह चिलवाल की मौजूदगी में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। संचालन मंडल महामंत्री संजय नयाल ने किया।
बैठक में भाजपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर जोर दिया। जिला मंत्री कुंदन सिंह चिलवाल ने कहा कि बूथ संगठन की सबसे मजबूत नींव है और बूथ कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर भाजपा भीमताल विधानसभा सीट पर भारी मतों से जीत हासिल करेगी और वर्ष 2027 में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।
जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया ने कहा कि प्रत्येक बूथ को मजबूत, सक्रिय और प्रभावी बनाना संगठन की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और गति देने का आह्वान किया।
बैठक में मंडल के विभिन्न पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

