होम स्टे नियमों की बड़ी जांच: नैनीताल में 197 पर छापे, 169 में अनियमितताएं
नैनीताल/हल्द्वानी, 11 मई। जनपद में होम स्टे नियमावली के उल्लंघन पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को व्यापक छापामारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों की टीमों ने जिलेभर में 197 होम स्टे और गेस्ट हाउसों का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान 197 में से 169 होम स्टे में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं। इनमें 44 होम स्टे बिना पंजीकरण के संचालित होते मिले, जबकि 125 होम स्टे होम स्टे नियमावली-2015 के मानकों के विपरीत पाए गए। प्रशासन ने इन सभी के खिलाफ नोटिस जारी कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
निरीक्षण में कई होम स्टे में निजी पार्किंग की व्यवस्था नहीं मिली। अनेक स्थानों पर स्वामी मौके पर निवासरत नहीं पाए गए, जबकि नियमों के अनुसार संचालक का वहां रहना आवश्यक है। कई होम स्टे में स्वयं का किचन भी नहीं मिला और भोजन बाहरी व्यवस्थाओं से परोसा जा रहा था। इसके अलावा कुछ होम स्टे अन्य व्यक्तियों को लीज पर दिए गए थे तथा कई का संचालन राज्य के बाहर के लोगों द्वारा किया जा रहा था।
नैनीताल शहर में एसडीएम नवाजिश खलिक और राजस्व पुलिस की टीम ने तल्लीताल बूचड़खाना, प्राणी उद्यान मार्ग और मल्लीताल मोहन को चौराहा क्षेत्र में 16 होम स्टे पर छापा मारा। जांच में एक भी होम स्टे नियमावली-2015 के मानकों पर खरा नहीं उतरा। सभी में पार्किंग, किचन और स्वामी की उपस्थिति संबंधी खामियां मिलीं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना, स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना और राज्य की आर्थिकी को मजबूत करना है। लेकिन कई स्थानों पर बाहरी लोगों द्वारा व्यवसायिक रूप से होम स्टे संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू बिजली-पानी कनेक्शन का उपयोग कर बिना जीएसटी भुगतान के संचालन से राज्य को राजस्व हानि हो रही है।
उन्होंने बताया कि सभी मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर 169 होम स्टे और गेस्ट हाउसों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार लाइसेंस निरस्तीकरण सहित कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों के पालन और स्थानीय हितों की सुरक्षा के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

