भवाली। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आगामी 6 जून 2026 को नगर पालिका भवन में चित्रकला एवं पर्यावरण संरक्षण गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन उत्कर्ष ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश एवं हार्ट ऑफ हिमालया के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
हार्ट आफ हिमालया संस्थापक प्रियंका जोशी ने बताया प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन तथा जल, जंगल और जमीन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को “पेड़ लगाओ, शिप्रा बचाओ”, “कटते वृक्ष, रोती शिप्रा”, “झीलों का संरक्षण” तथा “ब्रश से शुरुआत, हाथों से समापन” जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। यह प्रतियोगिता प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। वहीं पर्यावरण संरक्षण विषय पर गीत प्रस्तुति प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रतिभागी कुमाऊँनी, गढ़वाली, हिंदी, अंग्रेजी अथवा पंजाबी भाषा में अपनी प्रस्तुति दे सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह शाम 4 बजे आयोजित होगा। संस्था के पदाधिकारियों ने अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

