भवाली कोतवाली के कांस्टेबल संजय कुमार की बेरिक के पास गिरने से मौत
भवाली। भवाली कोतवाली में तैनात 46 वर्षीय कांस्टेबल संजय कुमार की शनिवार देर रात बेरिक के पास गिरने से मौत हो गई। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय कुमार निवासी काशीपुर पिछले करीब दो वर्षों से भवाली में तैनात थे। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद वह लघु शंका के लिए बेरिक से बाहर निकले। इसी दौरान बेरिक के पास ही वह अचानक गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और मुंह से खून निकलने लगा।
सूचना मिलते ही कोतवाल समेत अन्य पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर गिरने से सिर में चोट लगना मृत्यु का कारण प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है तथा पैनल के माध्यम से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच चुके हैं।
घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

