भालू ने दो महिलाओं पर किया हमला, हायर सेंटर रेफर

ख़बर शेयर करें

चोखटिया ब्लॉक के जमणिया और चौकुड़ी गांव में गुरुवार सुबह भालू ने दस मिनट के भीतर दो महिलाओं पर हमला कर दिया। दोनों महिलाएं अन्य महिलाओं के साथ जंगल चारा-पत्ती लेने गई हुई थीं। हमले में घायल दोनों महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह महिलाएं चार-पत्ती लेने जंगल गई हुईं थीं। जमणिया गांव से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर भालू ने 26 साल की चम्पा देवी पत्नी मुकेश गिरी पर हमला कर दिया। शोर मचाकर चम्पा देवी किसी तरह भालू के चंगुल से छूट पाई। पहले हमले का शोर थमा भी नहीं था कि दस मिनट के बाद चौकुड़ी निवासी 36 साल की गीता देवी पत्नी मोहन मेहरा पर भालू ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि गीता देवी के साथ अन्य महिलाएं भी जंगल गई हुई थीं। महिलाओं के शोर मचाने पर हमलावर भालू भाग गया। वन्यजीव के हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीण दोनों को जंगल से सड़क तक लाए और सीएचसी में सूचना दी। एंबुलेंस 108 के जरिए दोनों को बारी-बारी अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया। डॉ. अमित रतन, डॉ. दीपक बिष्ट, डॉ. किरन, डॉ. सागर ने बताया कि भालू ने महिलाओं के चेहरों को बुरी तरह नोचा है। महिलाएं खतरे से बाहर है, समुचित उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page