धारी से कौल धानाचुली–परबड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण व नव निर्माण को 8.19 करोड़ की स्वीकृति

ख़बर शेयर करें

धारी से कौल–धानाचुली–परबड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण व नव निर्माण को 8.19 करोड़ की स्वीकृति
भीमताल। भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने बताया कि धारी से कौल–धानाचुली तक मोटर मार्ग का निर्माण कार्य राज्य योजना के अंतर्गत पूर्व में कराया जा चुका था, लेकिन डामरीकरण न होने के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में किसानों को अपना कृषि उत्पाद हल्द्वानी तक पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
ग्रामीणों द्वारा लगातार मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं इसे परबड़ा मोटर मार्ग तक जोड़ने की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक राम सिंह कैड़ा ने पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत धारी से कौल–धानाचुली–परबड़ा तक मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं 1 किलोमीटर नए मोटर मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा था।
विधायक कैड़ा ने बताया कि उक्त प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है और इसके लिए 8 करोड़ 19 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। साथ ही टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। जल्द ही मोटर मार्ग पर डामरीकरण तथा 1 किलोमीटर नए मोटर मार्ग के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस मार्ग के सुधरने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page