रामराज रोड पर सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल को ले जा रही 108 एंबुलेंस के स्टार्ट न होने पर परिजनों ने हंगामा काटा और चालक को नीचे उतरवाकर धक्का लगवाया।
सोमवार सुबह ग्राम भीकमपुरी निवासी सिमरतपाल सिंह (30) पुत्र करनैल सिंह बुलेट बाइक से बाजपुर आ रहा था। रामराज रोड पर सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सिमरत पाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन घायल को लेकर 108 एंबुलेंस में बैठ गए, लेकिन 10 मिनट तक एंबुलेंस स्टार्ट ही नहीं हुई। इस पर परिजनों ने हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने एंबुलेंस को धक्का मारा। लेकिन एंबुलेंस स्टार्ट नहीं हुई। इस पर परिजनों ने चालक को नीचे उतारकर गाड़ी में धक्का लगवाया। जिसके बाद एंबुलेंस स्टार्ट हुई और चालक एंबुलेंस को लेकर हायर सेंटर रवाना हो गया। इस दौरान लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश दिखा।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

