नैनीताल जिले में गैस वितरण पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर होगी कठोर कार्रवाई
भवाली/नैनीताल। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस वितरण व्यवस्था का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और रोजाना वितरण की समीक्षा की जा रही है।
बिष्ट ने बताया कि नैनीताल में पर्वत गैस एजेंसी द्वारा नारायणनगर स्थित गोदाम से तल्लीताल, मल्लीताल, राजभवन के समीप, धर्मशाला, नारायणनगर और थापला सहित कई क्षेत्रों में कुल 359 घरेलू सिलेंडर तथा विभिन्न विद्यालयों को 37 व्यवसायिक सिलेंडर वितरित किए गए।
वहीं भवाली गैस सर्विस के गोदाम से भवाली बाजार, काकड़ीघाट और नवोदय विद्यालय क्षेत्र में 248 घरेलू सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि अस्पताल और उजाला संस्थान को 7 व्यवसायिक सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
इसी प्रकार भीमताल गैस सर्विस के गोदाम से बिरला इंस्टीट्यूट, ग्राफिक एरा सहित विभिन्न विद्यालयों को 58 व्यवसायिक सिलेंडर और भीमताल तल्लीताल, नौकुचियाताल समेत कई क्षेत्रों में 265 घरेलू सिलेंडर वितरित किए गए।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने कहा कि सभी गैस गोदामों में घरेलू सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए विभाग सतत निगरानी कर रहा है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और रिफिलिंग को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई व्यक्ति, संस्था या व्यापारी गैस की कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की सुसंगत धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

