भीमताल में युवा नेतृत्व की नई मिसाल: सगे भाई-बहन बने दो ग्रामसभाओं के उप ग्राम प्रधान

ख़बर शेयर करें

भवाली। भीमताल विकासखंड की पंचायत राजनीति में इस बार एक अनोखा और प्रेरणादायक अध्याय जुड़ गया है। विकासखंड की दो अलग अलग ग्राम सभाओं डोब ल्वेशाल और नगारीगाँव में सगे भाई बहन के उप ग्राम प्रधान निर्वाचित होने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। इसे स्थानीय लोग युवा नेतृत्व के उभरते स्वरूप और पंचायत राजनीति में नई पीढ़ी की मजबूत भागीदारी के रूप में देख रहे हैं। बुधवार को संपन्न हुए उप ग्राम प्रधान चुनाव में डोब ल्वेशाल ग्राम सभा से 34 वर्षीय सुमित कुमार उप ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि नगारीगाँव ग्राम सभा से उनकी 26 वर्षीय बहन ईला आर्य ने शानदार जीत दर्ज कर उप ग्राम प्रधान का पद हासिल किया। एक ही परिवार के भाई बहन का दो अलग अलग ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधि चुना जाना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह परिणाम पंचायत स्तर पर युवाओं के बढ़ते विश्वास और नेतृत्व क्षमता का संकेत है। अब युवा केवल चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा नहीं बन रहे, बल्कि नेतृत्व की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। इससे ग्रामीण राजनीति में नई सोच, पारदर्शिता और विकास की उम्मीदें भी बढ़ी हैं।
नवनिर्वाचित भाई-बहन ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति को सेवा का माध्यम बनाते हुए ग्राम पंचायतों के सर्वांगीण विकास, युवाओं की भागीदारी, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देना होगा। दोनों की जीत पर परिवार में उत्सव का माहौल है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए विश्वास जताया कि उनका कार्यकाल विकास और जनहित के नए आयाम स्थापित करेगा।
यह चुनाव परिणाम इस बात का भी संकेत है कि पंचायत राजनीति में अब अनुभव के साथ-साथ युवा ऊर्जा और नई सोच को भी ग्रामीण जनता भरपूर समर्थन दे रही है।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड हाईकोर्ट को नैनीताल से हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में स्थानांतरित करने का रास्ता अब पूरी तरह साफ
Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page