- 10 जून तक पाडली में बनेगा वैली ब्रिज
भवाली। कैंची धाम स्थापना दिवस से पहले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रशासन द्वारा जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किंग और वैली ब्रिज निर्माण कार्य तेज कर दिया गया है। शुक्रवार को नवनियुक्त एसडीएम अनुराग आर्या ने मन्दिर समिति, व्यापार मंडल और होटल रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ बैठक कर स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा व पार्किंग का निरीक्षण किया गया। बैठक में होटल और व्यापारियों से व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव लिए गए तथा उनकी समस्याएं सुनी गईं। एसडीएम अनुराग आर्या ने बताया कि 5 जून तक पार्किंग का ग्राउंड और प्रथम तल तैयार कर लिया जाएगा, जहां करीब 150 वाहनों की पार्किंग की सुविधा मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को 6 जून तक पार्किंग को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि रात के समय सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से सुबह भारी जाम की स्थिति बन जाती है। पार्किंग शुरू होने के बाद इस समस्या में काफी राहत मिलेगी। एसडीएम ने बताया कि पाडली के पास बनाए जा रहे वैली ब्रिज का कार्य भी तेजी से चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने 10 जून तक वैली ब्रिज तैयार करने का आश्वासन दिया है। ब्रिज बनने के बाद पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को सेनिटोरियम से सीधे पाडली की ओर निकाला जा सकेगा, जिससे कैंची धाम क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा। बैठक के बाद एसडीएम ने पार्किंग स्थल और पाथवे का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान मंदिर प्रबंधक प्रदीप साह, तहसीलदार भुवन भण्डारी, ईई रत्नेश सक्सेना, प्रधान प्रतिनिधि पवन कुमार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भुवन तिवारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष धीरज तिवारी, रुचिर साह, अनुराग बिष्ट, विजय कुमार, पटवारी रवि पाण्डे समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

