भवाली। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में 79 यूके बटालियन एनसीसी नैनीताल द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) के दौरान 600 से अधिक एनसीसी कैडेटों को मानसिक स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण प्रशिक्षण दिया गया। शिविर का उद्देश्य कैडेटों को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी सशक्त और आपदा परिस्थितियों के लिए तैयार करना है।
शिविर के तहत प्रसिद्ध परामर्श मनोवैज्ञानिक मिस विवेका एस नायर ने कैडेटों को मानसिक स्वास्थ्य एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण विषय पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को शैक्षणिक दबाव, अनुशासन संबंधी चुनौतियों तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के उपाय बताए। साथ ही तनाव प्रबंधन और मानसिक मजबूती के लिए व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी भी दी। इस सत्र में विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के करीब 600 कैडेटों ने भाग लिया।
वहीं, युवा आपदा मित्र योजना (YAMS) के अंतर्गत 79 यूके बटालियन द्वारा विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नैनीताल जिले के विभिन्न संस्थानों से चयनित 50 सीनियर डिवीजन और सीनियर विंग कैडेटों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए गए।
प्रशिक्षण के दौरान कैडेटों को मेडिकल फर्स्ट रिस्पॉन्स (MFR), खोज एवं बचाव (SAR), अग्नि सुरक्षा तथा मनो-सामाजिक देखभाल जैसे विषयों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को प्राकृतिक आपदाओं, दुर्घटनाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार करना है।
शिविर अधिकारियों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण से कैडेटों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास होगा, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र की बेहतर सेवा कर सकेंगे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

