ब्रेकिंग

नैनीताल में पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजना के 31 आवेदन स्वीकृत

ख़बर शेयर करें


नैनीताल में पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजना के 31 आवेदन स्वीकृत
वाहन श्रेणी के 15, गैर-वाहन श्रेणी के चार और होमस्टे योजना के 12 आवेदनों को मिली मंजूरी
नैनीताल, 28 अक्टूबर। जिले में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में जिला चयन समिति ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत प्राप्त आवेदनों पर मुहर लगाई है। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दोनों योजनाओं के अंतर्गत कुल 35 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें से 31 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि चार आवेदन निरस्त किए गए।
बैठक में समिति ने शासनादेशों और निर्धारित मानकों के अनुरूप आवेदनों का परीक्षण किया। दस्तावेजों की उपलब्धता, पात्रता और निर्धारित शर्तों के आधार पर प्रकरणों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद पात्र आवेदकों के पक्ष में आवश्यक संस्तुतियां प्रदान की गईं।
पर्यटन स्वरोजगार योजना में 19 में से 17 आवेदन स्वीकृत
वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत वाहन श्रेणी में कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से दो आवेदन निरस्त किए गए, जबकि 15 आवेदनों को स्वीकृति दी गई। वहीं गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त चारों आवेदनों को मंजूरी प्रदान की गई। इस प्रकार पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत कुल 21 में से 19 आवेदन स्वीकृत हुए और दो निरस्त किए गए।
होमस्टे योजना के 12 आवेदनों को मिली मंजूरी
दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत समिति को कुल 14 आवेदन प्राप्त हुए थे। परीक्षण के दौरान दो आवेदन निरस्त किए गए, जबकि 12 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई। होमस्टे योजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटकों के लिए आवासीय सुविधाओं को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।
पात्र लाभार्थियों को पारदर्शिता के साथ मिले योजनाओं का लाभ
जिलाधिकारी ललित मोहन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक और पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। योजनाओं का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आजीविका मजबूत करना और जिले में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है।
बैठक में एएसपी आरडी मठपाल, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, एआरटीओ विपिन कुमार, एएलडीएम भूपेंद्र सिंह जीना, डीडीएम नाबार्ड मुकेश बेलवाल, एएम डीआईसी कैलाश सिंह सम्मल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page