पर्यटन स्वरोजगार और होमस्टे योजना में 24 आवेदनों को मिली मंजूरी, डीएम ने दिए पारदर्शी क्रियान्वयन के निर्देश
नैनीताल। वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत जिला चयन समिति की बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित मानकों और शासनादेशों के अनुरूप परीक्षण किया गया।
बैठक में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के तहत वाहन श्रेणी में मिले 13 आवेदनों में से 8 को स्वीकृति दी गई, जबकि 5 आवेदन निरस्त किए गए। वहीं गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त 4 आवेदनों में से 1 आवेदन स्वीकृत हुआ और 3 आवेदन निरस्त किए गए।
इसी तरह दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के तहत प्राप्त 19 आवेदनों में से 15 को स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 4 आवेदन निरस्त किए गए।
जिलाधिकारी ललित मोहन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ केवल पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए, जिससे बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही जिले में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, परियोजना निदेशक अभिषेक, जिला लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, प्रबंधक उद्योग केंद्र रोबिन सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

