बार-बार बंद किया जा रहा कलमट, बारिश में सड़क पर जलभराव का खतरा
भीमताल। तल्ली सलड़ी स्थित रानीबाग–भीमताल मोटर मार्ग पर बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाए गए कलमट को बार-बार बंद किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी नवन चंद्र पालरिया ने इस संबंध में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत को शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के दौरान इसी कलमट के माध्यम से वर्षा के पानी की निकासी होती है। आरोप है कि आसपास स्थित कुछ रेस्टोरेंटों के संचालकों अथवा वहां कार्यरत कुछ लोगों द्वारा मिट्टी, मलबा और अन्य सामग्री डालकर कलमट को बंद किया जा रहा है। इससे बारिश के पानी की निकासी बाधित हो रही है।
नवन चंद्र पालरिया के अनुसार बुधवार सुबह पीडब्ल्यूडी की टीम ने मौके पर पहुंचकर कलमट की सफाई कर पानी की निकासी सुचारु कराई थी, लेकिन टीम के लौटने के बाद दोबारा कलमट को भरकर बंद कर दिया गया। इससे क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान सड़क पर पानी जमा होने के साथ ही सड़क और आसपास के क्षेत्र को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।
उन्होंने कुमाऊं आयुक्त से मामले का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने, कलमट को बार-बार बंद करने वालों की पहचान कर कार्रवाई करने तथा कलमट को स्थायी रूप से खुला रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

