मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की जयंती पर सामाजिक एकजुटता का आह्वान
भवाली। राय बहादुर मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की 139वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को रामगढ़ ब्लॉक के हरिनगर ग्रामसभा में उनकी प्रतिमा के समीप जयंती समारोह आयोजित किया गया। डॉ. अंबेडकर मिशन एंड फाउंडेशन समिति रामगढ़ के संरक्षक प्रेम प्रकाश पथिक और अध्यक्ष जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भाग लिया।कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने मुंशी हरि प्रसाद टम्टा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि समाज में आज भी छुआछूत और जातिवाद जैसी सामाजिक कुरीतियां देखने को मिल रही हैं। उन्होंने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद कथित शुद्धिकरण की घटना का उदाहरण देते हुए सामाजिक समानता और भाईचारे को मजबूत करने की जरूरत बताई।वक्ताओं ने हरिनगर गांव को अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्र बताते हुए ग्रामीणों से एकजुट और संगठित रहने का आह्वान किया। इस दौरान हाल में हुई केतन हत्याकांड और जगदीश राम हत्याकांड जैसी घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए समाज में जागरूकता और एकता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ लाखन सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य गणेश आर्या, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सुभाष चंद्र, ग्राम प्रधान गीता देवी, त्रिलोचन कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

