धारी।
भीमताल के ग्राम पंचायत अल्चौना का तोक ‘पांडे छोड़’ में ब्लॉक प्रमुख डॉo हरीश सिंह बिष्ट ने विभागीय अधिकारियों के साथ प्राकृतिक आपदा क्षेत्र अल्चोना, सौनगांव चाफी का निरीक्षण किया। मंगलवार दोपहर क्षेत्र में अचानक मौसम बदलने के बाद ‘पांडे गांव भांकर’ से आ रहे बरसाती नाले ने विकराल रूप धारण कर लिया। नाले का तेज बहाव अपने साथ भारी मात्रा में कीचड़ और मलबा लेकर नीचे आबादी वाले क्षेत्र में आ गया, जिससे स्थानीय निवासियों के घरों में पानी और मलबे का सैलाब घुस गया।अचानक आई आपदा के कारण घरों के भीतर कीमती घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों के सामने अब भरण-पोषण और रहने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गौरतलब है कि इस तोक में शत-प्रतिशत अनुसूचित जाति के परिवार निवास करते हैं, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।ग्रामीणों की मांग है पुश्तैनी जमीन पर हो सुरक्षित विस्थापन घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस नाले के कारण भविष्य में भी घरों पर खतरा बना रहेगा। सुरक्षा को देखते हुए पीड़ित परिवारों ने एक स्वर में गांव के ही अन्यत्र विस्थापन की शासन-प्रशासन से मांग की है कि उन्हें इस खतरे वाले स्थान से हटाकर, सुरक्षित पुश्तैनी जमीन पर नए आवास निर्माण की अनुमति और सहायता दी जाए, ताकि वे अपने परिवारों को अन्यत्र सुरक्षित बसा सकें।ब्लॉक प्रमुख ने स्थलीय निरीक्षण ने दिया हरसंभव मदद का भरोसा आपदा की सूचना मिलते ही भीमताल के ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने तुरंत प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने एक-एक कर सभी पीड़ित परिवारों से मुलाकात की उनका ढांढस बंधाया और आपदा से हुए नुकसान का जायजा लिया।प्रभावित लोगों को डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा इस संकट की घड़ी में मैं और हमारी पूरी टीम प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्राकृतिक आपदा ने हमारे श्रमिक भाइयों का भारी नुकसान किया है। मैं इस गंभीर स्थिति से जिला प्रशासन और शासन के उच्च अधिकारियों को तत्काल अवगत करा रहा हूँ। प्रभावितों को तुरंत मुआवजा दिलाने, राशन किट उपलब्ध कराने और उनके सुरक्षित विस्थापन के लिए शासन-प्रशासन से समुचित और त्वरित कार्रवाई का पुरजोर अनुरोध किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान लता आर्य, मुकेश पलड़िया, प्रदीप कुमार, बीटीसी अंकित आर्य हेमा आर्य, लता पलड़िया नितेश बिष्ट, प्रेम कुल्याल, संजय कुमार,कुंदन जीना बृजमोहन बिष्ट, अमित नारायण, धर्मेंद्र जीना राजस्व निरीक्षक,ग्रामीण उपस्थित रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

