दुःखद::खेल खेल में बच्चे के पेट में मार दिया चाकू, मौत

ख़बर शेयर करें

जसपुर में खेल-खेल में खूनी खेल, 9 साल के बच्चे ने 11 वर्षीय साथी को चाकू घोंपा, मौत
जसपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर में खेल-खेल में हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पड़ोस में रहने वाले 9 वर्षीय बालक ने कथित तौर पर 11 वर्षीय ईशान की छाती में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि ईशान सातवीं कक्षा में पढ़ता था और परिवार का सबसे छोटा बेटा था। उसके पिता तस्लीम घर के पास हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे साथ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपी बालक ने चाकू से ईशान पर हमला कर दिया। मृतक के ताऊ ने बताया कि आरोपी बालक पूर्व में भी ईशान से कई बार झगड़ा कर चुका था।
एक मां ने खोया बेटा, दूसरी का परिवार संकट में
घटना के बाद दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि आरोपी बालक के पिता की पिछले वर्ष गंभीर बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह स्कूल भी नहीं जाता है। घटना के बाद आरोपी बालक के फरार होने की बात सामने आई है, जबकि उसकी मां को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया है।
घटना के बाद छीपियान मोहल्ले में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। जसपुर कोतवाल राजेश पांडे ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page