ज्योलिकोट में जलजनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट105 लोगों की जांच, 72 ब्लड और पानी के सात सैंपल लिए; सचल चिकित्सा वाहन तैनात

ख़बर शेयर करें

ज्योलिकोट में जलजनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
105 लोगों की जांच, 72 ब्लड और पानी के सात सैंपल लिए; सचल चिकित्सा वाहन तैनात
नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमों ने गुरुवार को क्षेत्र में 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि 72 ब्लड सैंपल लिए गए। इसके अलावा पानी के सात सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं।
स्वास्थ्य टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को आवश्यक दवाएं, ओआरएस, जिंक और क्लोरीन की गोलियां वितरित कीं। साथ ही जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया। गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट और भल्यूटी-चोपड़ा में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में कुल 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
घर के पास मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुलभ बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सचल चिकित्सा वाहन तैनात किया है। वाहन के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में ओपीडी की पर्ची भी निःशुल्क कर दी गई है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही हैं। गुरुवार को नीलकंठ हॉस्पिटल की डॉ. मेघा रखोलिया और डॉ. सलीम ने पीएचसी ज्योलिकोट में ओपीडी कर मरीजों की जांच की। शुक्रवार को बृजलाल हॉस्पिटल हल्द्वानी की गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रेया नेगी और साईं हॉस्पिटल हल्द्वानी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सती ओपीडी में मरीजों को परामर्श देंगे।
सीएमओ ने किया प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता से क्षेत्र में काम कर रहा है। स्वास्थ्य टीमों को घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण और दवाओं का वितरण लगातार जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुष्मान अस्पताल में परेशानी हो तो सीधे सीएमओ से करें संपर्क
सीएमओ ने क्षेत्रवासियों से कहा कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पताल में उपचार के दौरान किसी भी तरह की परेशानी आती है तो वे सीधे मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग मरीजों को आवश्यक सहयोग और सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उबालकर पिएं पानी
डॉ. पंत ने लोगों से पानी को अच्छी तरह उबालकर पीने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सावधानियों का पालन करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य टीम से संपर्क करने को कहा गया है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page