जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

जेल परिसर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, तीन आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर में एक व्यक्ति की हत्या की कथित साजिश और उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्कता, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और सुरागरसी-पतारसी के चलते समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी आपराधिक वारदात टल गई।
पुलिस के अनुसार बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने मित्र से मिलने हल्द्वानी जेल आया था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश के तहत उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने आरोपियों के आपराधिक प्रवृत्ति के होने और उनके पास अवैध असलहा होने की आशंका भी जताई।
मामले में 25 अगस्त को तहरीर मिलने के बाद कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी नैनीताल मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने 25 अगस्त को सौरभ बावा (24), मानव वाट (24) और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन (25) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर और केलाखेड़ा क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मामले दर्ज हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ भी हत्या, मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज होना बताया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े इनके साथी जतिन्द्र सिंह निवासी गजरौला जोगीपुरा, बाजपुर को 24 अगस्त को ही एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका और साजिश के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जेल परिसर, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगीन और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page