गोरापड़ाव डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई चेन और 15 हजार रुपये बरामद

ख़बर शेयर करें

गोरापड़ाव डकैती कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई चेन और 15 हजार रुपये बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पीली धातु की चेन और 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में अब तक नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
19 अगस्त 2026 की शाम डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। इसके बाद अम्बा बिहार, तीनपानी निवासी नारायण दास ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गोरापड़ाव तीनपानी स्थित उनके कार्यालय/गैराज में करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डालकर लगभग आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन तथा तीन सोने की चेन और अंगूठी आदि लूट लीं।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 284/2026 के तहत धारा 310(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।
50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू की जांच
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र खुलासे के लिए करीब 50 अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी सहित थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम और क्राइम विशेषज्ञों को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डॉग स्क्वायड, क्राइम सीन विशेषज्ञों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। सर्विलांस, सुरागरसी और गवाहों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पहले यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह, अफजल मलिक, साहब सिंह उर्फ साबी और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
गलफार गेट से दबोचा गया गुरजन्ट
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 सितंबर 2026 को गलफार गेट, चोरगलिया से गुरजन्ट सिंह उर्फ जिन्टा (32) पुत्र दर्शन सिंह, निवासी वार्ड नंबर-8, गणेश मंदिर, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक पारदर्शी प्लास्टिक डिब्बे में रखी पीली धातु की गले की चेन और दूसरे डिब्बे में रखे 500-500 रुपये के 30 नोट, कुल 15 हजार रुपये बरामद किए गए। मामले में धारा 61(2)/317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक डकैती में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार दबिश दी जा रही है।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page