भीमताल क्षेत्र की झीलों के किनारे चला विशेष स्वच्छता अभियान, 450 बच्चों ने जुटाया 400 बैग कूड़ा

ख़बर शेयर करें

भीमताल क्षेत्र की झीलों के किनारे चला विशेष स्वच्छता अभियान, 450 बच्चों ने जुटाया 400 बैग कूड़ा
भीमताल।
रविवार को नौकुचियाताल, नलदमयंती ताल तथा सातताल झीलों के किनारे व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विकास खंड भीमताल, जिला पंचायत नैनीताल, रोटरी क्लब नैनीताल, नगर पालिका भीमताल के साथ स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और जनप्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की।
अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यटन स्थलों पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और झीलों व आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। सफाई के दौरान बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई स्थानों पर डस्टबिन खाली होने के बावजूद कूड़ा सड़कों किनारे फैला हुआ मिला, वहीं कांच की बोतलें भी बड़ी संख्या में इधर-उधर पड़ी मिलीं।
अभियान में भीमताल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से करीब 450 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और मिलकर लगभग 400 बैग कूड़ा एकत्र किया। इस अवसर पर क्षेत्र के पर्यावरण मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने कहा कि छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और यदि वे स्वच्छता का संकल्प लें तो आने वाले समय में स्वच्छ शहर, प्रदेश और देश का निर्माण संभव है। उन्होंने सभी से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
अभियान में जिला पंचायत नैनीताल के अपर मुख्य अधिकारी एम.के. विश्नोई, रोटरी क्लब के डायरेक्टर विनोद दुआ, ग्राम प्रधान मुकेश पलड़िया, प्रदीप कुमार, क्लब अध्यक्ष शैलेन्द्र शाह समेत कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पूर्व मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे के नेतृत्व में भीमताल क्षेत्र में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें रोटरी क्लब के सदस्यों के साथ लेक इंटरनेशनल स्कूल, ग्राफिक एरा सहित अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page