रामगढ़ में अवैध शराब और जुए के खिलाफ ग्रामीणों ने दी प्रदर्शन की चेतावनी, सौंपा ज्ञापन
भवाली। रामगढ़ ब्लॉक के भियालगांव में रविवार को ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अवैध शराब के कारोबार और जुए के विरोध में बैठक आयोजित की। बैठक के बाद ग्रामीणों ने क्वारब पुलिस चौकी पहुंचकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और जुए का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है और उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों के कारण सामाजिक माहौल भी खराब हो रहा है तथा परिवारों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में नियमित अभियान चलाकर अवैध शराब और जुए के अड्डों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन देने के बाद भी पुलिस प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं करता है और क्षेत्र में अवैध शराब एवं जुए पर रोक नहीं लगती है, तो वे नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके और समाज में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य तुलसी देवी, सरपंच दीपा देवी सहित ग्रामीण रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

