डिवाइडर से टकराई बाइक, तीन दोस्तों की मौत

ख़बर शेयर करें

देहरादून। दून में राजपुर रोड पर बाइक डिवाइडर से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई। इनमें से दो युवक हाल में संपन्न सेना की अग्निवीर भर्ती में चुने गए थे। तीनों युवक उत्तरकाशी के रहने वाले थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ओवरस्पीड को माना जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, तीनों युवक रात करीब सवा दो बजे बाइक से राजपुर से घंटाघर की ओर आ रहे थे। इस दौरान राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी के पास उनकी बाइक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए। उन्हें उपचार को दून अस्पताल लाया गया। वहां दो युवकों की उपचार के कुछ देर बाद और तीसरे की शाम को मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, दुर्घटना का बना रहता है खतरा

सीओ डालनवाला अनुज आर्य ने बताया कि जान गंवाने वाले युवकों की पहचान आदित्य रावत (21) पुत्र कमल सिंह निवासी पुरोला, जिला उत्तरकाशी, नवीन सिंह (20) पुत्र जयदेव सिंह निवासी नौगांव, उत्तरकाशी और मोहित रावत (21) पुत्र जगमोहन निवासी पुरोला, उत्तरकाशी के रूप में हुई। मोहित व आदित्य का चयन अग्निवीर में हुआ था। दोनों को जल्दी ज्वाइनिंग के बाद ट्रेनिंग पर जाना था। तीसरा भी सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल एचजीएस में धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव, विद्यार्थियों ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग

नालापानी चौकी इंचार्ज रवि प्रसाद कवि ने बताया कि तीनों दोस्त, आदित्य के भाई की बाइक पर निकले थे। आदित्य यहां सहस्रधारा रोड पर अपने भाई और बहन के साथ रहता था। आदित्य का भाई पौड़ी जिले में नौकरी करता है। वहीं अन्य दोनों युवक करनपुर में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दो युवकों के अग्निवीर में चयन की खुशी में तीनों घूमने निकले थे।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page