दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी और दस्तावेज बरामद

ख़बर शेयर करें

दुकान में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, नकदी और दस्तावेज बरामद
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने दुकान में घुसकर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की नकदी और वादी के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 22 जुलाई 2026 को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में उपनल कर्मी नबी बक्स ने तहरीर देकर बताया था कि देर रात उनकी दुकान की खिड़की की जाली काटकर चोर अंदर घुस गया और बैग में रखे ₹10,000 तथा दीवार पर टंगी पैंट की जेब से ₹700 चोरी कर फरार हो गया। इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के आधार पर शनिवार को कैंसर अस्पताल के पास से 19 वर्षीय दिवाकर निवासी मूल ग्राम रम्पुरा काजियान, थाना नवाबगंज, जिला बरेली (वर्तमान निवासी जवाहरनगर, वनभूलपुरा) को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से वादी का आधार कार्ड, पैन कार्ड तथा ₹7,600 नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
पुलिस ने बताया कि घटना के सफल खुलासे में हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दोनों पुलिसकर्मियों ने सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से विश्लेषण कर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।

Join WhatsApp Group

You cannot copy content of this page