दिल्ली नबी करीम इलाके में शनिवार देर रात पूर्व प्रेमी ने चाकू से घोंपकर गर्भवती महिला की हत्या कर दी। इसी दौरान महिला के पति ने भी हमलावर की चाकू से घोंपकर हत्या कर दी। इस हमले में महिला का पति भी घायल हो गया है।
डीसीपी निधिन वाल्सन ने बताया कि मृतक की पहचान 22 वर्षीय शालिनी और 35 वर्षीय आशु के तौर पर हुई है। आशु नबी करीम थाने का घोषित बदमाश है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शालिनी की कुछ साल पहले प्रताप नगर निवासी आकाश से शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। वह चार माह की गर्भवती भी थी। बताया जाता है कि शालिनी का मायका और आशु का घर नबी करीम इलाके में आसपास था।
लिव इन में रहने के बाद पति के पास लौटी : डीसीपी निधिन वाल्सन ने बताया कि कुछ समय पहले शालिनी का अपने पति से विवाद हो गया था। इसलिए वह आशु के साथ दिल्ली से बाहर लिव इन में रहने लगी। परिजनों की मध्यस्थता के बाद शालिनी दो माह पहले पति के पास लौट आई थी। इस वजह से आशु और आकाश में दुश्मनी हो गई थी। इस बीच आशु को मालूम हुआ कि शालिनी गर्भवती है। वह खुद को शालिनी के गर्भ में पलने वाले बच्चे का पिता मान रहा था। डीसीपी ने बताया कि शालिनी शनिवार को अपनी मां शीला और भाई रोहित से धनतेरस पर मिलने के लिए आई थी। वह देर रात अपने पति के साथ ससुराल लौट रही थी। शीला भी बेटी और दामाद के साथ घर से कुछ दूर तक निकली। इसी दौरान आशु भी वहां आ गया और आकाश से झगड़ा करने लगा। हालांकि, शीला ने बीचबचाव कर झगड़ा छुड़ा दिया। इसके बाद दोनों ई-रिक्शा में बैठने लगे। इसी बीच आशु चाकू लेकर आया और पहले आकाश पर हमला करने लगा। अपने को बचाने के लिए घायल आकाश भाग गया। तब हमलावर ने ई-रिक्शा में शालिनी को बैठे देखा तो उसपर चाकू से दर्जनों वार किए। इसके बाद पत्नी पर हमला होते देखकर आकाश आया और आशु से चाकू छीन कर उसी पर हमला करने लगा। दोनों खून से लथपथ होकर गिर पड़े। नबी करीम के राम नगर इलाके में इस घटना के बाद से दहशत और चर्चा का माहौल है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें