मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई’ के भाव जी रहीं 55 वर्षीय भावना गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण के साथ पवित्र बंधन में बंध जाएंगी। शुभ बेला में मांगल गीत होंगे, शहनाई गूंजेगी और टीके से बारातियों का शगुन होगा। इस अद्भुत मिलन का हर हल्द्वानीवासी साक्षी बनेगा। विवाह की तैयारी पूरी हो गई हैं।
श्रीकृष्ण की दीवानी मूल रूप से हल्द्वानी निवासी भावना का अपने प्रभु से जुड़ाव 30 वर्ष पुराना है। हल्द्वानी के आवास विकास कॉलोनी स्थित पंचेश्वर मंदिर में रहकर 30 साल से प्रभु की सेवा करते आ रहीं हैं। श्रीकृष्ण ही इनका परिवार है। अब वह कान्हा से विवाह रचाने जा रहीं हैं। बुधवार को शुभ मुहूर्त में गणेश पूजन के साथ मांगलिक कार्य की शुरुआत हुई। बुजुर्ग महिलाओं ने शगुन आंखर ह्यसुवा से सुवा बणखंडी सुवा, जा सुवा नगरी में न्योत दिआ..ह्ण गाकर देवी-देवताओं को विवाह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। सायंकाल दुल्हन को हल्दी लगी। दुल्हन और सहेलियों ने श्रीकृष्ण नाम की मेहंदी रचाई। गुरुवार को आवास विकास पंचेश्वर मंदिर से बैंड बाजे के साथ बारात निकलेगी। फिर मंदिर में श्रीकृष्ण की प्रतिमा के साथ विवाह होगा। भावना के माता-पिता का वर्षों पहले निधन हो चुका है। उनके दो सगे भाई बारात में शामिल होंगे। इससे पहले हल्द्वानी निवासी 21 वर्षीय हर्षिका पंत ने भी जुलाई में श्रीकृष्ण से विवाह रचाया था।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें