सीतावनी आश्रम के दान पात्रों के ताले तोड़कर नगदी चोरी, जनरेटर कक्ष में भी सेंध लगाने का प्रयास
कालाढूंगी। सीतावनी आश्रम में अज्ञात चोरों ने दो दान पात्रों के ताले तोड़कर उनमें रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही चोरों ने आश्रम परिसर में बने जनरेटर कक्ष का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सके।घटना की जानकारी मिलने पर आश्रम के महंत स्वामी दयानंद सरस्वती महाराज ने अपने सहयोगियों को आश्रम भेजकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इन दिनों सीतावनी जोन बंद होने तथा लगातार बारिश के कारण आश्रम में कोई मौजूद नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। महंत ने बताया कि वह वर्तमान में भीमताल स्थित मेहरागांव आश्रम में हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद आश्रम का निरीक्षण कराया गया, जिसमें दो दान पात्रों के ताले टूटे मिले। वहीं जनरेटर कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास भी किया गया, लेकिन चोर उसमें प्रवेश नहीं कर सके। बताया कि मामले की लिखित तहरीर सोमवार को पुलिस को सौंपकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

