पर्यटन सीजन में खाद्य सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, निरीक्षण और सैंपलिंग बढ़ाने के निर्देश
नैनीताल, 25 जुलाई। पर्यटन सीजन को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए शनिवार को कलक्ट्रेट में जिला स्तरीय स्टीयरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय ने की। बैठक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में आयोजित हुई।
बैठक में खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रवर्तन कार्रवाई, खाद्य नमूनों के संग्रहण, प्रयोगशाला परीक्षण, लाइसेंस एवं पंजीकरण की स्थिति तथा अस्वच्छता के मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने पर्यटन सीजन के मद्देनजर सार्वजनिक स्थानों, होटल एवं रेस्तरां से अधिक संख्या में खाद्य नमूने लेने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठानों के नियमित निरीक्षण और लाइसेंस तथा पंजीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने प्रयोगशाला से लंबित रिपोर्टों की समीक्षा करते हुए जिन मामलों में रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, उनका विभागीय स्तर पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्वच्छ परिस्थितियों में भोजन तैयार करने, भ्रामक लेबल वाले खाद्य पदार्थ बेचने, बिना लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों तथा नकली एवं निम्न गुणवत्ता की खाद्य सामग्री की बिक्री करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा और आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में सहायक आयुक्त खाद्य अजय सिंह रावत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मीनाक्षी बिष्ट, औषधि निरीक्षक अर्चना उप्पल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

