नैनीताल। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गुरुवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने मल्लीताल क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से किया गया।
निरीक्षण के दौरान लगभग 25 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें से 5 प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। मौके पर कुल 5 गैस सिलेंडर ज़ब्त किए गए और सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें मैसर्स पर्वत गैस सर्विस के सुपुर्द किया गया। निर्देश दिए गए कि ये सिलेंडर गोदाम में सुरक्षित रखे जाएं तथा आवश्यकता पड़ने पर इन्हें माननीय न्यायालय या उच्चाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 एवं विनिर्मित पेट्रोलियम (प्रदाय और विनियमन आदेश) 2000 के प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रकार के निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।
इस दौरान सभी प्रतिष्ठान स्वामियों को रेस्टोरेंट और किचन में साफ-सफाई बनाए रखने की विशेष हिदायत भी दी गई।
निरीक्षण टीम में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट, पूर्ति निरीक्षक रवि डालाकोटी, आरक्षी राजेश कुमार और संजीत राणा मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें