सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का कड़ा पहरा

ख़बर शेयर करें

सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का कड़ा पहरा
फ्लैग मार्च निकालकर किया एरिया डोमिनेशन, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी; संदिग्धों के सत्यापन के साथ प्रीवेंटिव कार्रवाई जारी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले नैनीताल पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को बनभूलपुरा क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया और एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे पर चेकिंग शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले की सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट में बुधवार को तिथि नियत है। इसे देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस द्वारा बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार सत्यापन अभियान चलाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध प्रीवेंटिव डिटेंशन की कार्रवाई की जा रही है। वहीं सीसीटीवी कैमरों और विशेष ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है।
फ्लैग मार्च रेलवे स्टेशन, लाइन नंबर 17, इंद्रानगर बड़ी रोड, मुजाहिद चौक, गोपाल मंदिर, ठोकर, शनि बाजार रोड, छोटी रोड इंद्रानगर, ताज मस्जिद, 16 नंबर तिराहा, गांधी नगर, लाइन नंबर 8, चोरगलिया रोड, ताज चौराहा, भारद्वाज चौराहा और रेलवे स्टेशन गेट समेत विभिन्न क्षेत्रों में निकाला गया।
फ्लैग मार्च एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में तथा एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और एसपी संचार रेवाधर मठपाल के पर्यवेक्षण में हुआ। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा समेत थाना पुलिस, पीएसी, एंटी राइट, बीडीएस, फायर और ड्रोन टीम के जवान शामिल रहे।
अफवाहों से बचने की अपील
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने क्षेत्रवासियों से सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करने और आगे की कार्रवाई में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलाने से बचने को कहा है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली पोस्ट से बचने की चेतावनी दी है।
एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Join WhatsApp Group
यह भी पढ़ें 👉  मंत्री राम सिंह कैड़ा की पहल से गौवंश संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम, सिलौटी पंत में गौशाला निर्माण के लिए ज़मीन हस्तांतरण को मंज़ूरी
Ad Ad Ad Ad Ad

You cannot copy content of this page