भवाली। श्यामखेत स्थित नेचर यू सोसाइटी में हरे पेड़ों के कटान की शिकायत सामने आने के बाद वन विभाग हरकत में आया। शिकायत का संज्ञान लेते हुए वन विभाग की टीम ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है। विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हरे पेड़ों के अवैध कटान को लेकर चर्चा तेज हो गई है।वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि वन विभाग को श्यामखेत नेचर यू क्षेत्र में हरे पेड़ों को काटे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत मिलने के बाद विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। प्रथम स्तर पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी विभाग की ओर से जांच की जा रही है। जांच में यदि वन नियमों का उल्लंघन या बिना अनुमति हरे पेड़ों का कटान पाया जाता है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।वन विभाग ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में बिना अनुमति पेड़ों का कटान करना नियमों के विपरीत है। विभाग की ओर से ऐसे मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। श्यामखेत नेचर यू क्षेत्र में पेड़ों के कटान को लेकर मिली शिकायत के बाद विभाग की कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

