शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार
दानपात्र व अलमारी से चोरी सामान और ₹2,808 की नकदी बरामद
हल्द्वानी। मंगल पड़ाव स्थित शिव मंदिर में ताला तोड़कर दानपात्र और अलमारी से नकदी व सामान चोरी करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए तांबे और पीतल के बर्तन, घंटियां तथा ₹2,808 की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को शिव मंदिर, मंगल पड़ाव निवासी गिरीश गिरी गोस्वामी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर के दानपात्र और अलमारी के ताले तोड़कर पैसे व अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर संख्या 303/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया था।
घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की।
पुलिस टीम के प्रयासों से 7 सितंबर को डीके पार्क के पास से हनी सिंह (20) पुत्र श्याम सिंह, निवासी जवाहर नगर, फरहान मस्जिद के पास, बनभूलपुरा, नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से तांबे के लोटे, एक बड़ी घंटी, 12 छोटी घंटियां, एक पीतल का भगोना, एक पीतल का डोंगा और ₹2,808 नकद बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव, हेड कांस्टेबल सुन्दर कोहली, कांस्टेबल संतोष बिष्ट और कांस्टेबल भूपाल सिंह शामिल रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

