अल्मोड़ा-क्वारब हाईवे पर भारी वाहनों के लिए डायवर्जन, दो दिन रहेगा प्रतिबंध
भवाली। मानसून के दौरान भूस्खलन, पत्थर और बोल्डर गिरने की संभावित घटनाओं को देखते हुए अल्मोड़ा–क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी-56 और क्वारब बाईपास मोटर मार्ग पर भारी एवं यात्री वाहनों के आवागमन के लिए यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 8 सितंबर से 9 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, अल्मोड़ा के आदेश के अनुपालन में लागू व्यवस्था के तहत उक्त मार्ग पर भारी, व्यावसायिक और यात्री वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हल्के वाहन, आपातकालीन वाहन तथा आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को मार्ग की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था के आधार पर आवागमन की अनुमति दी जाएगी।
मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
अल्मोड़ा की ओर से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी एवं यात्री वाहनों को दो वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। पहला मार्ग अल्मोड़ा–विश्वनाथ–शेरघाट/शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13) तथा दूसरा खैरना–रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14) रहेगा।
वहीं, मैदानी जनपदों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर आने वाले वाहनों के लिए भीमताल–खुटानी–धानाचूली–शहरफाटक तथा भवाली–कैंची–खैरना–भुजान–रानीखेत मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी प्राथमिकता
एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस, आपदा राहत एवं बचाव दल के वाहनों के साथ आवश्यक खाद्य सामग्री और दवाओं से जुड़े वाहनों के लिए आपातकालीन कॉरिडोर उपलब्ध रखा जाएगा। आपदा की स्थिति में संबंधित विभाग आपसी समन्वय से इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराएंगे।
पुलिस और यातायात कर्मियों द्वारा वाहन चालकों को डायवर्जन की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर उद्घोषणा और सोशल मीडिया व मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की जा रही है।
सुरक्षित होने पर ही खुलेगा मार्ग
9 सितंबर के बाद संबंधित विभाग मार्ग का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। मार्ग यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के बाद सक्षम स्तर से निर्देश मिलने पर ही भारी वाहनों का आवागमन दोबारा शुरू किया जाएगा। तब तक प्रतिबंधित मार्ग पर भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस ने वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही अपनी यात्रा करें।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

