मुख्यमंत्री से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने और स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ाने की मांग
भवाली। ज्योलिकोट और आसपास के क्षेत्रों में डायरिया समेत अन्य जलजनित बीमारियों के प्रकोप को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर बीमारी से जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को आर्थिक सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की गई है।
पत्र में कहा गया है कि दूषित पेयजल, स्वच्छता व्यवस्था की कमी समेत अन्य संभावित कारणों से क्षेत्र में लोग बीमार पड़ रहे हैं। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री से ज्योलिकोट और आसपास के प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल चिकित्सा शिविर लगाने, पेयजल स्रोतों की जांच व सैनिटाइजेशन कराने तथा जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम तैनात करने की मांग की गई है। इसके अलावा प्रभावित लोगों को आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराने को कहा गया है।
पत्र में बीमारी से मृत लोगों के आश्रित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा देने की मांग भी की गई है। साथ ही बीमारी के वास्तविक कारणों की जांच कर जिम्मेदार विभागों के स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने का आग्रह किया गया है। इस दौरान पूर्व उपाध्यक्ष अरविंद पडियार, पूर्व मंडल अध्यक्ष आनंद बिष्ट, मण्डल अध्यक्ष भवाली हिमांशु बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट, राजेंद्र बिष्ट, पूरन बिष्ट, विक्रम रावत, पंकज बर्गली, खजान डंगवाल, आस्था वीर, मंडल अध्यक्ष मनागी, संतोष कुमार, लालासिंह बिष्ट, नवीन जोशी, प्रकाश नोटियाल, प्रकाश चंद्र पांडे, राजीव शाह, अतुल कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

