रामनगर में गुरुवार को वन विभाग की टीम ने निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख रेखा रावत के घर व गोदाम में छापेमारी की। अवैध लकड़ी छिपाकर रखने की सूचना पर विभाग ने यह कार्रवाई की। हालांकि आधे घंटे तक छानबीन करने के बाद कुछ भी नहीं मिलने पर टीम लौट गई। मामले को ब्लॉक प्रमुख के चुनाव से जोड़ा जा रहा है, वहीं निवर्तमान प्रमुख ने अपनी ही पार्टी के एक नेता पर यह कार्रवाई करवाने का आरोप लगाया है।
गुरुवार 11:30 बजे तराई पश्चिम वन प्रभाग की टीम निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख रावत के टांडा स्थित घर पहुंची। टीम ने घर व गोदाम खंगाला। प्रमुख के पति इंदर रावत ने टीम को गोदाम और घर का हर एक-एक कोना दिखाया। पर टीम को कुछ नहीं मिला। इस पर प्रमुख ने छापे का कारण पूछा और विभाग के उच्चाधिकारियों को फोन किया। कहीं से भी सकारात्मक जवाब नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट गई। निवर्तमान प्रमुख ने बताया कि टीम सर्च वारंट के साथ नहीं आई थी। सत्ता पक्ष का प्रमुख होने के बाद भी उनकी अधिकारियों ने नहीं सुनी। इसे लेकर वह कोर्ट की शरण में जाएंगे। वहीं, एसडीओ मनीष जोशी ने कहा, लकड़ियों को ठिकाने लगाने की सूचना पर यह कार्रवाई की।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें