मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने की फाइल को मंजूरी दी। शुक्रवार से कर्मचारियों के खातों में दिवाली बोनस के रूप में धनराशि पहुंचने की उम्मीद है। राज्य में करीब डेढ़ लाख सरकारी और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिलेगा।
कर्मचारियों के दिवाली बोनस के प्रस्ताव पर फैसला लेने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री धामी को अधिकृत कर दिया था। इसके बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री धामी ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। वित्त विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य में दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के साथ ही 4800 ग्रेड तक के समूह ग और अराजपत्रित श्रेणी के समूह ख के कर्मचारियों को दिवाली बोनस मिलता है। सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम सात हजार रुपये तक बोनस दिया जाता है। दैनिक वेतन और संविदा कर्मचारियों को सरकार 1200 रुपये दिवाली बोनस देती है।
डीए की फाइल भी सीएम को भेजी वित्त विभाग के सूत्रों ने बताया कि, कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए देने की फाइल मंजूरी के लिए उच्च स्तर पर भेजी गई है। मंजूरी के बाद कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए का भी भुगतान होना शुरू हो जाएगा। केंद्र सरकार ने कर्मचारियों को चार प्रतिशत डीए देने का निर्णय लिया था। इसके तहत अब प्रदेश सरकार ने भी डीए देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कैबिनेट पूर्व में ही सीएम को डीए के लिए अधिकृत कर चुकी है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

