आधी रात बाइक पर सवार होकर घर से निकला होटल मैनेजमेंट का छात्र हादसे का शिकार हो गया। पंचायत घर चौराहे के पास रामपुर रोड स्थित हिड एंड लीफ रेस्टोरेंट के निकट एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन और चालक की शिनाख्त के लिए जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान धनपुरी आनंदपुर पंचायत घर निवासी 20 वर्षीय करन सिंह गुप्ता के रूप में हुई है। करन होटल मैनेजमेंट का छात्र था और पिता राधे किशन गुप्ता मां और बहन के साथ रहता था। उसके पिता की इलाके में दुकान है। बुधवार रात करीब 12 बजे करन दोस्त के बुलाने पर बाइक पर घर से निकला था। वह पंचायत घर से कुछ दूरी पर पहुंचा ही था कि अचानक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में करन गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है।
लेटैस्ट न्यूज़ अपडेट पाने हेतु -
👉 वॉट्स्ऐप पर हमारे समाचार ग्रुप से जुड़ें

